मुंबई। भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जूतों में कदम रखना किसी क्रिकेटर के लिए भी सोच से परे की बात है फिर अभिनेता तो सोच भी नहीं सकता। लेकिन सुशांत सिंह राजपूत ने इस नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया है। उन्होंने रोल में घुसने के लिए इतनी मेहनत की है कि फिल्म की झलकियों में वे धोनी की कॉपी लग रहे हैं। धोनी भी सुशांत को अपने रूप में देखकर चमत्कृत हैं।
एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी का पहला पोस्टर आने के बाद से ही धोनी बने सुशांत ने तहलका मचा दिया था। अभी हाल ही में आए नए ट्रेलर ने साबित कर दिया है कि सुशांत इस रोल के लिए परफेक्ट चुनाव थे।
सुशांत ने अपने को धोनी का क्लोन बनाने के लिए दिन-रात एक कर दिए। उन्होंने घंटों तक क्रिकेट प्रैक्टीस की। साथ ही वे धोनी का वीडियो देखा करते थे। कुछ दिनों पहले एक वीडियो सामने आया था। इसमें सुशांत धोनी के फेमस हेलीकॉप्टर शॉट की प्रैक्टीस करते दिख रहे थे। खास यह था कि इस शॉट की प्रैक्टीस करते हुए सुशांत ने वही परफेक्शन दिखाया और गेंद को वहीं हिट किया जहां धोनी आमतौर पर मारते हैं। इस सबके बावजूद सुशांत के लिए सबसे कठिन था कैप्टन कूल के माइंडसेट को समझना। वो जानना चाहते थे कि जब धोनी फील्ड पर होते हैं तो कैसा सोचते हैं। मैच जीतने के बाद उन्हें कैसा महसूस होता है और हार के बाद कैसी मानसिक स्थिति बनती है। इसी प्रकार वे किस तरह प्रेशर को हैंडल करते हैं। उन्हें धोनी के टेम्प्रामेंट को भी समझने के लिए कड़ा प्रयास करना पड़ा।
एक इवेंट में धोनी ने सुशांत की मेहनत की तारीफ की है। जब उन्हें बताया कि कि सुशांत को उनके जैसा दिखने के लिए नौ महीने तक लगातार कई घंटों तक प्रैक्टीस करनी पड़ी। सुशांत रोजाना तीन घंटों तक बल्लेबाजी किया करते थे। जिम में उनका काफी समय बीतता था। इससे धोनी के तरह दिखने में उन्हें मदद मिली। धोनी तो यह देखकर हैरान थे कि कैसे सुशांत ने उनके बोलने, चलने और खेलने की स्टाइल को अपना लिया है। रोल में गहरा उतरने के लिए सुशांत ने भी उसी ग्राउंट पर अभ्यास किया जहां धोनी अपने कॅरियर की शुरुआत में खेला करते थे। इस मैदान को डीएवी क्रिकेट ग्राउंट के नाम से जाना जाता है।
सुशांत को अपनी मशक्कत का भरपूर प्रतिसाद मिल रहा है। ट्रेलर देखनेवालों के हर वर्ग ने उन्हें खूब सराहा है। इससे फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है। इतने कम समय में फिल्म का चर्चा में आना इसके बिजनेस के लिए सकारात्मक माना जा रहा है। फिल्म बिजनेस के विश्लेषक सुशांत को उनके रोल के लिए पूरे नंबर देते हुए कह रहे हैं कि एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी में वे हेलीकॉप्टर शॉट से सिक्स मारने जा रहे हैं। जैसे धोनी मैच जिताते हैं।
फिल्म को नीरज पांडेय ने निर्देशित किया है। फॉक्स स्टार स्टूडियो के लिए इसे अरुण पांडेय ने बनाया है। इस बहुप्रतिक्षित फिल्म को 30 सितंबर को रीलीज किया जाएगा।